ग्वालियर। आज देश भर में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जा रहा है, सरकार से लेकर विपक्ष के सभी नेता संकट मोचक श्री राम भक्त हनुमान जी की शरण में नजर आए। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी संकट मोचन हनुमान जी की पूजा अर्चना की।
कांग्रेस नेता के पूजा पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने तंज कसा है। मंत्री तोमर ने चौपाई सुनाते हुए कहा है कि संकट ते हनुमान छुडावे, मन क्रम वचन ध्यान जो लांवे। हनुमानजी को ध्यान में रखोगे तो सब कुछ अच्छा होगा कल्याण होगा। मंत्री ने कांग्रेस नेताओं की हनुमान भक्ति को लेकर कहा कि विपक्षी कांग्रेसी अपनी सद्बुद्धि के लिए खुद ही अब रोज यज्ञ कर रहे हैं। मंत्री सिलावट ने भी हनुमान जन्मोत्सव की सभी देश प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
सुपर एक्सप्रेस वे भी बन रहा
मंत्री तोमर ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के एक्स पर किये पोस्ट पर भी निशाना साधा है। जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा मध्य प्रदेश की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बताने पर सवाल खड़े किए। इस पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जीतू पटवारी से पूछना चाहता हूं कि 2002 में सड़के कहां थी? गड्ढे में सड़क थी या सड़कों पर गड्ढे थे। कुछ समझ में नहीं आता था।आज देखिए हिंदुस्तान भर के रोड एक्सप्रेस-वे बन चुके हैं। जिस रोड से वे भोपाल जाते हैं उससे चंद घंटे में पहुंचते हैं। और भी बहुत सारा पैसा वहां के लिए मंजूर हुआ है। सुपर एक्सप्रेस वे भी बन रहा है।