इंदौर। रविवार को शहर के कई जनप्रतिनिधि गीता भवन चौराहे स्थित बाबा साहब की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्वच्छता अभियान चलाया और प्रतिमा की साफ-सफाई की गई। पांच नदियों के जल से अभिषेक किया।
संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंडेबकर जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा लगातार कई आयोजन कर रही है। जिसमें जयंती दिवस के एक दिन पहले गीता भवन पर बाबा साहब की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस प्रोग्राम में सफाईकर्मियों को स्वच्छता किट जिसमें ग्लव्स, जूते और ड्रेस आदि वितरित की।
गीता भवन स्थित प्रतिमा पर सफाई अभियान के दौरान नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को सार्थक किया है और पार्टी द्वारा बाबा साहब के सामाजिक समरसता संदेश को आगे बढ़ाया जा रहा है। बाबा साहब की जयंती के उपलक्ष्य पर भाजपा द्वारा विभिन्न जनकल्याण के काम किए जा रहे है। इंदौर में बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ-साथ अन्य शक्ति केंद्रों पर भी आज सफाई अभियान चलाया जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में बाबा साहब को भारत रत्न की उपाधि दी और बाबा साहब की जन्म जयंती के दिन राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया।
स्वच्छता अभियान में शामिल जनप्रतिनिधियों ने बाबा साहब की प्रतिमा को पानी से साफ किया। साथ ही पांच नदियों के जल से अभिषेक किया गया। वहीं प्रतिमा स्थल के आसपास जनप्रतिनिधियों ने झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। जनप्रतिनिधियों ने यहां पर सफाईकर्मियों को स्वच्छता किट भी बाटी। इस अभियान में नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा, सूरज केरो सहित कई लोग मौजूद रहे।