खरगोर। जिला पुलिस लाइन में बुधवार को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। एसपी धर्मराज मीणा की उपस्थिति में होमगार्ड की एसडीआरएफ टीम ने ग्राम व नगर रक्षा समिति के सदस्यों को आगजनी, भवन ध्वस्त होने और बाढ़ जैसी आपात स्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण में 75 से अधिक नगर-ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों ने भाग लिया। टीम ने सदस्यों को सीपीआर की तकनीक सिखाई और प्रभावित एवं घायल लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की विधियां बताईं।
सदस्यों को टी-शर्ट वितरित कीं
इस दौरान उपलब्ध संसाधनों का उपयोग और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने की जानकारी दी गई। होमगार्ड टीम ने बचाव कार्यों का प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन भी किया। कार्यक्रम में एएसपी शहर नरेंद्रसिंह रावत और एएसपी ग्रामीण शकुंतला रूहल ने सभी सदस्यों को टी-शर्ट वितरित कीं।
एसपी मीणा ने कहा कि पुलिसिंग में जन-सहभागिता के लिए ग्राम और नगर रक्षा समिति के सदस्यों का योगदान महत्वपूर्ण है। यह टीम कानून व्यवस्था, सामाजिक जागरूकता और शांति स्थापना में मदद करती है।