नीमच। शहर में पुलिसकर्मियों के लिए तनाव प्रबंधन के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन पुलिस कंट्रोल रूम पर किया गया। तनाव से मुक्ति दिलाने और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम के तहत एक विशेष हार्टफुलनेस मेडिटेशन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नीमच के विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी शामिल हुए। यह प्रशिक्षण इस्कॉन उज्जैन के अध्यक्ष वृजेंद्र कृष्ण दास द्वारा प्रदान किया गया। इस दौरान एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, आर आई विक्रम सिंह भदोरिया भी मौजूद रहे।
वृजेंद्र कृष्णदास ने तनाव को कम करने के कई मनोवैज्ञानिक तरीकों पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान, व्रजेंद्र कृष्णदास ने पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद किया और उन्हें संबोधित करते हुए विस्तार से समझाया कि कैसे तनाव गलत निर्णय लेने का कारण बन सकता है। इसे कैसे प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है, और अत्यधिक तनाव कितना हानिकारक हो सकता है। गौरतलब है कि पुलिस का कार्यक्षेत्र चुनौतियों और दबावों से भरा होता है।जिसके कारण पुलिसकर्मी अक्सर तनाव का सामना करते हैं। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य उन्हें ऐसी तकनीकों से वाकिफ कराना था,जिनसे वे अपने दैनिक तनाव को प्रबंधित कर सकें और एक स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकें। बृजेंद्र कृष्ण दास ने आपाधापी भरी जिंदगी में व्यवहारिक अभ्यास और ध्यान की खास तकनीकें बताई।