नीमच। जिले के जावद क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। जिला आबकारी अधिकारी एन.पी. सिंह और एडीईओ बी.एल. सिंगड़ा के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई की।
वृत्त जावद-सिंगोली के आबकारी उपनिरीक्षक संजय कुमार कवारे के नेतृत्व में 24 मई 2025 को यह कार्रवाई की गई। टीम ने ग्राम खेरखेड़ा, लक्ष्मीपुरा, कुंडला और महेंद्री क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान 10 लीटर हाथ भट्टी देशी शराब और 650 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया।
आबकारी उप निरीक्षक पंकज राठौर और दीपक आंजना की टीम ने यह कार्रवाई की। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 67,000 रुपये है। मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इस अभियान में आरक्षक महेश गेहलोत, विलास दगिया, बलवंत भाटी और हंसराज बिलावल का सहयोग रहा। जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।