अशोकनगर। मध्य प्रदेश में बीजेपी के बड़े नेताओं के शर्मनाक बयानों से पार्टी की आलोचना हो रही है. वहीं, दूसरी तरफ जिला स्तर पर कद्दावर बीजेपी नेताओं के कारनामे भी सामने आ रहे हैं। सत्ता के नशे में चूर बीजेपी नेता गुंडागर्दी पर आमादा हैं. बीजेपी नेताओं द्वारा की जाने वाली गुंडागर्दी पर पार्टी एक्शन भी ले रही हैं लेकिन मामले हैं कि रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. अब अशोकनगर में बीजेपी नेता ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर घर में घुसकर पति-पत्नी की पिटाई की।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अशोकनगर में बीजेपी नेता द्वारा की गई गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अशोकनगर के भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण यादव द्वारा घर में घुसकर और रोड पर पति-पत्नी के साथ की गई मारपीट से लोगों में रोष है. मामला देहात थाना क्षेत्र का है. वीडियो में बीजेपी नेता घर में घुसकर दंपती से मारपीट करते दिख रहे हैं. घर में मारपीट के बाद भाजपा नेता लक्ष्मी नारायण यादव ने सड़क पर भी मारपीट की।
घर से घसीटकर ले गए, सड़क पर पीटा
पीड़ित धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया लक्ष्मी नारायण यादव का बेटा गली में साइकिल चला रहा था. छोटे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उसे धीरे चलाने को कहा. इसी बात पर विवाद हुआ. एक घंटे बाद लक्ष्मी नारायण यादव अपने बेटे और कुछ अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचे. हमें दूसरी मंजिल से घसीटकर मारपीट की. महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई. इस दौरान पिटाई से वह बेहोश हो गया. परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
शिकायत पर हल्की धाराओं में मामला दर्ज
पीड़ित धर्मेंद्र कुशवाहा की शिकायत पर पुलिस ने सामान्य धाराओं में मामला दर्ज किया. थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने बताया ष्रात में ही मारपीट का केस दर्ज कर लिया गया था। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी ने कहा मामले की जानकारी ली गई है. भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है. नोटिस की प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष भाजपा विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हेतानंद शर्मा सहित किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष को भी भेजी गई है।