बुरहानपुर। गुजराती समाज भवन में शनिवार रात कांग्रेस का जिला अधिवेशन आयोजित किया गया। ये कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी संविधान बचाओ अभियान के तहत हुआ।
कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने भाजपा और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव से ही भाजपा और आरएसएस संविधान को बदलने का प्रयास कर रहे हैं। वे ओबीसी और कमजोर वर्ग को मिले आरक्षण के अधिकार को समाप्त करना चाहते हैं।
भाजपा सरकार नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के सहारे
संजय दत्त ने कहा कि भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा दिया था। लेकिन राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने संविधान बचाने का मुद्दा उठाकर भाजपा की योजना को विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि आज केंद्र में भाजपा की सरकार नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के सहारे चल रही है।
सामूहिक वाचन और राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी ग्यारसी लाल रावत और सह-प्रभारी उत्तम पाल भी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला अध्यक्ष रिंकू टॉक, जिला सचिव आशीष भगत, पूर्व विधायक हमीद काजी समेत कई नेता उपस्थित थे। संतोष देवताले ने कार्यक्रम का संचालन किया। सम्मेलन का समापन संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।