मुरैना। पति-पत्नी में चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए ससुराल पक्ष ने मायके पक्ष के लोगों को बुलाया। पंचायत बैठी, जिसमें बात नहीं बनी तो महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पक्ष के लोगों पर लाठी-सरियों और पत्थरों से हमला कर दिया। ससुराल पक्ष के लोग जिस वाहन को भाड़े पर करके लाए, उसके ड्राइवर को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के तुस्सीपुरा में यह घटना है। पुलिस ने महिला के पति सहित चार लोगों पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बता दे कि ग्वालियर के अनुपम नगर निवासी मनोज छिलवार ने थाने में शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया, कि उसकी साली सपना की शादी तीन साल पहले तुस्सीपुरा के अरुण खटीक से हुई। सपना व अरुण में विवाद हो गया, जिसमें अरुण ने सपना की मारपीट कर दी। पति-पत्नी का मामला थाने तक पहुंच गया, इसलिए सपना के ससुर ने फोन कर परिवार को बातचीत के लिए बुलाया। घर के कमरे में दोनों पक्ष बैठे, इसी दौरान अरुण आर्य गालियां देने लगा। इसके बाद सभी को घर में बंद करके अरुण, उसके पिता नरेश खटीक, दो भाई विशाल व राहुल के साथ मिलकर लाठी, डंडे व सरियों से हमला कर दिया। निकलकर भागे तो घर की महिलाएं पत्थर फेंकने लगीं। मनोज छिलवार के अनुसार उनकी गाड़ी के ड्राइवर संतोष सिंह कुशवाह पर भी सरियों-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें ड्राइवर का सिर फट गया, उसमें 14 टांके आए हैं, एक हाथ में फ्रेक्चर हो गया। इस हमले में मनोज छिलवार के अलावा उप्र के राजा का रामपुर निवासी मनोज गड़वारिया और पंकज तमोरी भी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने नरेश, अरुण, विशाल और राहुल पर मुकदमा दर्ज किया है।