बालाघाट। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में शनिवार को पुलिस और हॉक फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में तीन महिलाओं सहित चार नक्सली मारे गए। यह मुठभेड़ बिठली पुलिस चौकी क्षेत्र के पचामा दादर के घने जंगलों में हुई। कार्रवाई के दौरान नक्सलियों के पास से ग्रेनेड लॉन्चर, एसएलआर, चार रायफल सहित बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
खुफिया सूचना के आधार पर घेरा गया जंगल-
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के अनुसार, सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि पचामा दादर के जंगल में नक्सली गतिविधियाँ संचालित कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस और हॉक फोर्स की संयुक्त टीम ने इलाके को घेरते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में बलों ने मोर्चा संभाला। करीब घंटे भर चली इस मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए।
जीआरबी डिवीजन से जुड़े थे मारे गए नक्सली-
एसपी मिश्रा ने बताया कि मारे गए सभी नक्सली जीआरबी (गोंदिया-राजनांदगांव-बालाघाट) डिवीजन के सक्रिय सदस्य थे। घटना के बाद क्षेत्र में अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए करीब 25 टीमें जंगल में तलाशी अभियान में जुटी हैं।
मिशन 2026 के तहत बड़ी कामयाबी-
हाल ही में पदभार संभालने वाले पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने ‘मिशन 2026’ के तहत बालाघाट से नक्सलवाद के सफाये को अपनी प्राथमिकता बताया था। पदभार ग्रहण के एक सप्ताह के भीतर मिली यह सफलता मिश्रा के नेतृत्व में सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
फरवरी में भी हुई थी बड़ी कार्रवाई-
गौरतलब है कि इससे पहले 19 फरवरी 2025 को भी बालाघाट पुलिस ने कान्हा के सूपखार फॉरेस्ट क्षेत्र में मुठभेड़ में चार महिला नक्सलियों को मार गिराया था। इन नक्सलियों की पहचान आशा, शीला, रंजीता और लख्खे मरावी के रूप में हुई थी। सभी पर कुल 62 लाख रुपये का इनाम घोषित था।