चित्तौड़गढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के सम्मान स्वरूप जे.के. सीमेंट, निंबाहेड़ा एवं मांगरोल को राजस्थान सरकार के 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में प्रतिष्ठित शिक्षा भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया।
जयपुर में आयोजित समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, प्रारंभिक शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग के निदेशक सीताराम जाट तथा शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश कुमार यादव ने जे.के. सीमेंट के फंक्शनल हेड (एचआर) प्रभाकर मिश्रा एवं सेक्शन हेड (सीएसआर) राहुल कुमार को यह सम्मान प्रदान किया।
जे.के. सीमेंट के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल ने बताया कि कंपनी की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गतिविधियों में शिक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाती है। इसी उद्देश्य से आसपास के राजकीय विद्यालयों में आधारभूत एवं शैक्षणिक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा विद्यालयों के नवीनीकरण, नए कक्षा-कक्ष एवं बरामदों का निर्माण, शौचालय निर्माण, विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। इन प्रयासों से विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण बेहतर हुआ है तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा भूषण सम्मान जे.के. सीमेंट की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता, सामाजिक उत्तरदायित्व और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के सतत प्रयासों का प्रतीक है।