मंदसौर। करणी सेना परिवार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर पर एक गंभीर मामला दर्ज हुआ है। आरोप है कि उनके साथियों ने भावगढ़ थाना क्षेत्र के बेहपुर गांव स्थित शराब ठेके पर पहुंचकर ठेका कर्मचारियों से हर माह 1 लाख की फिरौती मांगी। मना करने पर आरोपियों ने मारपीट की और जातिसूचक गालियां भी दीं। यह घटना 26 जून 2025 की है। उसी दिन एफआईआर भी दर्ज की गई थी, लेकिन पूरे घटनाक्रम का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। पुलिस ने इस मामले में एससी-एसटी एक्ट, फिरौती मांगने, और मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
अन्याय के खिलाफ घेराव का ऐलान-
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जीवन सिंह शेरपुर ने कहा था कि पुलिस उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। उन्होंने यह स्वीकार किया कि वह नामजद आरोपियों को जानते हैं, लेकिन उनका इस मामले से कोई सीधा संबंध नहीं है। जीवन सिंह शेरपुर ने यह भी घोषणा की थी कि 5 जुलाई को वे अपने समर्थकों के साथ मंदसौर एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने घोषणा के अनुसार आज एसपी कार्यालय का घेराव किया।
सामाजिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज
इस पूरे मामले को लेकर जिलेभर में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। एक तरफ कानून व्यवस्था के तहत पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है, वहीं दूसरी ओर करणी सेना इसे संगठन को बदनाम करने की साजिश बता रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो की फोरेंसिक जांच कराने की भी तैयारी की जा रही है।