नीमच। ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान के अंतर्गत श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच द्वारा एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः महाविद्यालय में सम्पन्न हुई।
इस रैली में लगभग 150 छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर ‘‘भारत माता की जय’’, ‘‘वंदे मातरम्’’ और ‘‘हर घर तिरंगा-हर दिल में तिरंगा’’ जैसे नारों के साथ देशभक्ति का संदेश नगरवासियों तक पहुँचाया।
रैली का सफल आयोजन अभियान के नोडल अधिकारी प्रो0 सुनील कुमार कुमावत द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर छात्राओं को सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ0 प्रतिभा कालानी ने रैली को राष्ट्रीय ध्वज लहराकर रवाना किया तथा समापन अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा- ‘‘राष्ट्रीय ध्वज हमारे आत्मसम्मान, बलिदान और एकता का प्रतीक है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसे पूरे सम्मान के साथ अपने घर पर लगाकर राष्ट्रीय गौरव में सहभागी बने।’’ साथ ही सभी वॉलंटियर्स को विशेष रूप से प्रेरित किया कि वे स्वयं अपने घरों पर तिरंगा लगाएं और समाज को भी इसके लिए जागरूक करें।
इस आयोजन में एनएसएस, एनसीसी इकाई, सांस्कृतिक समिति सहित समस्त स्टॉफ की सक्रिय सहभागिता रही। रैली का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
यह रैली न केवल छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी, बल्कि नगरवासियों को भी ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान से जुड़ने का सशक्त संदेश दिया।