मनासा। कथित लव जिहाद, धोखाधड़ी से विवाह, जबरन धर्मांतरण और नशे से जुड़े मामलों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मनासा थाने में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम थाना प्रभारी निलेश अवस्थी को ज्ञापन सौंपा।
विहिप के प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन यजुर्वेदी, प्रखंड मंत्री मंगल सिंह देवड़ा एवं बजरंग दल प्रखंड संयोजक अनिल कुशवाह सहित कार्यकर्ताओं ने संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पहचान छिपाने, धोखाधड़ी एवं धर्म परिवर्तन के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से ऐसे मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
निष्पक्ष जांच और पीड़ितों को सहायता की मांग-
ज्ञापन में नारायणगढ़, मंदसौर, गरोठ सहित अन्य क्षेत्रों में सामने आए कथित मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। साथ ही पीड़ित महिलाओं को आवश्यक कानूनी सहायता, सुरक्षा एवं परामर्श उपलब्ध कराने तथा जबरन या धोखाधड़ी से धर्म परिवर्तन के मामलों में लागू कानूनों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं ने दोष सिद्ध होने पर आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही युवाओं को साइबर सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं की जांच कर अफवाहों पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
प्रदर्शन के दौरान विहिप-बजरंग दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जिला दायित्ववान पदाधिकारी एवं मातृशक्ति की सदस्याएं मौजूद रहीं।