देवरी खवासा। स्थानीय देव नारायण मंदिर पर शुक्रवार को युवा मित्र मंडल के तत्वावधान में भगवान देव नारायण जी के प्रिय घोड़े नीलाधर का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया गया। यह आयोजन क्षेत्र में कई वर्षों से परंपरागत रूप से होता आ रहा है।
छठ महोत्सव के अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान देव नारायण जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर प्रांगण में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
युवा मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन समाज की एकता और धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने का प्रतीक है। श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।