मंदसौर। वैष्णोदेवी में हुए भूस्खलन हादसे में मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भीलखेड़ी निवासी श्रद्धालु स्व. फकीरचंद पिता गौतम जी गुर्जर (आयु 50 वर्ष) एवं स्व. रतनबाई पति भगतराम जी गुर्जर (आयु 65 वर्ष) के असामयिक निधन पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
देवड़ा ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। परिवार के लिए ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए यह एक बड़ी क्षति है। दोनों श्रद्धालुओं के पार्थिव शरीर आज भीलखेड़ी ग्राम लाए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि शोकाकुल परिवारजनों को हर संभव सहयोग एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि मृतक श्रद्धालुओं के परिजनों को जम्मूदृकश्मीर सरकार द्वारा 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस असमय मृत्यु से हम सभी गहरे दुःख में हैं। मेरी भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं संवेदनाएं दिवंगत आत्माओं के प्रति हैं तथा ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि शोकाकुल परिवारजनों को इस कठिन समय में शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें। मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं।