सिंगोली। शुक्रवार प्रातः 8 बजे राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना रावतभाटा (आरएपीपी) के अधिकारियों ने जावद एसडीएम प्रीति संघवी नाहर, जावद एसडीओपी रोहित राठौर की उपस्थिति में मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती ग्राम परिछा में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए ग्रामीणों और कर्मचारियों को मॉकड्रिल के माध्यम से जानकारी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों और कर्मचारियों को जागरूक करने मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्र कोज्या, परिछा में विस्तार से मॉकड्रिल की गई।
मॉकड्रिल में नाभिकीय एवं बाह्य आपातकाल और वाहन निकासी सहित अन्य जानकारियां साझा की गई।
ग्राम परिछा में प्रात 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली मॉकड्रिल में राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना रावतभाटा के अधिकारियों सहित एसडीएम प्रीति संघवी नाहर, एसडीओपी रोहित राठौर, बीएमओ डॉ राजेश मीणा, तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल, नायब तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना, थाना प्रभारी बीएल भाबर, राजस्व निरीक्षक बालकृष्ण धाकड़, राजस्व निरीक्षक प्रकाश शुक्ला, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम सहित सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।