मंदसौर। जिले में जीबीएस एवं स्क्रब टायफस रोग की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार 29 अगस्त को कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ है। वर्तमान में कुल 10 प्रकरण जीबीएस तथा 60 प्रकरण स्क्रब टायफस के हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में सतत कार्यवाही मलतानपुरा, भीलाखेड़ी एवं बापूनगर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर-घर सर्वे किया गया। केवल मलतानपुरा ग्राम में ही 148 घरों का सर्वे एवं 486 जनसंख्या का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्क्रब टायफस से प्रभावित 34 ग्रामों में निरंतर सर्वे एवं निगरानी कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर अदिती गर्ग ने जिलेवासियों से अपील की है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताई जा रही सलाह एवं निर्देशों का पालन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि रोगों की रोकथाम में जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वच्छता एवं सतर्कता अपनाकर ही इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं और हर परिस्थिति में आमजन के साथ खड़े हैं।