मंदसौर। नारायणगढ़ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी ने मानवता की मिसाल पेश की। गश्त के दौरान हाईवे पर घायल पड़े युवक को उन्होंने अपनी गाड़ी से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी कल रात पिपलिया मंडी से मल्हारगढ़ गश्त पर जा रहे थे। इसी दौरान मल्हारगढ़ हाईवे पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। मौके की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने बिना देर किए घायल को उठाया और अपने वाहन से मल्हारगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पहचान पूरणमल पिता नारायण रेगर (उम्र 25), निवासी परवणी थाना रतनगढ़, जिला नीमच के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दुर्घटना की जांच की जा रही है।