नीमच। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जावद तहसील के ग्राम दामोदरपुरा में एक निजी क्लीनिक के संचालन की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत के निर्देश पर डॉ. बी.एल. सिसोदिया, डॉ. जितेंद्र पाटीदार एवं प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल राठौर की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान डॉ. एस.के. विश्वास द्वारा क्लीनिक का संचालन किया जाना पाया गया।
निरीक्षण में यह सामने आया कि संबंधित चिकित्सक के पास न तो किसी प्रकार की वैध चिकित्सा डिग्री थी और न ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्लीनिक संचालन की अनुमति। इस पर जांच दल ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और चिकित्सक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है।