नीमच। 29 अगस्त को केंट थाने पर वरिष्ठ सेवाभावी मुस्लिम समाजजन, प्रशासनिक अधिकारियों, नगर पालिका एवं विद्युत मंडल के संयुक्त तत्वावधान में बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी त्योहार जश्ने ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा करना रहा।
बैठक में समाजजन ने नगर में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा जुलूस के मुख्य मार्गों पर सड़क सुधार कार्य की मांग रखी। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सहमति जताई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
साथ ही जुलूस के दौरान कुछ समाजजन एवं कमेटी के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि डीजे का उपयोग नहीं किया जाएगा और केवल नात शरीफ का पाठ किया जाएगा। इस निर्णय का प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत करते हुए ऐसे समाजजनों का सम्मान करने की बात कही। बैठक में उपस्थित सभी प्रबुद्धजन एवं समाजसेवी संस्थाओं ने एकमत होकर प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।