नीमच। शहर में ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिलों से जब्त किए गए 150 मॉडिफाइड साइलेंसरों को शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में बुलडोजर से नष्ट किया। एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि कुछ युवक बुलेट में तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैला रहे थे, जिससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी हो रही थी। लगातार शिकायतें मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
प्रेशर हार्न व काली फिल्म पर भी होगी कार्रवाई-
यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि अब प्रेशर हार्न, सर्च लाइट और काली फिल्म लगाने वाले वाहनों पर भी सख्ती होगी। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और वाहन जब्त किए जाएंगे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध बदलाव न करें। फर्राटेदार साइलेंसर, प्रेशर हार्न और तेज रोशनी वाली लाइट पर प्रतिबंध है। इस अभियान से शहर में अनुशासन कायम होने की उम्मीद जताई गई है।