नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत नीमच पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जावद थाना क्षेत्र की चौकी सरवानिया महाराज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जप्त किया है।

जानकारी अनुसार 30 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। एक लाल रंग के मैसी कंपनी के ट्रैक्टर (एमपी 44 एए 8803) की ट्रॉली से प्लास्टिक तिरपाल के नीचे छुपाए गए 3 काले प्लास्टिक कट्टों में से 45 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से आरोपी मांगीलाल पिता रामनारायण पाटीदार (62), निवासी धामनिया थाना जावद को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी से डोडाचूरा के परिवहन और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है।
