नीमच। कांग्रेस नेत्री मधु बंसल ने कहा कि अमेरिका द्वारा भारतीय निर्यात पर 50% तक टैरिफ लगाए जाने से वस्त्र, आभूषण, समुद्री खाद्य, फर्नीचर और केमिकल सेक्टर पर गहरा असर पड़ेगा। इससे निर्यात में भारी गिरावट की आशंका है, जो मोदी सरकार की विफल विदेश व व्यापार नीति को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल विदेश दौरों में फोटो खिंचवाने और भाषण देने तक सीमित हैं, जबकि किसानों, व्यापारियों और युवाओं के रोजगार जैसे असली मुद्दे उपेक्षित हैं। देश में बेरोजगारी चरम पर है, सरकारी नौकरियां घट रही हैं और परीक्षाएँ भी भ्रष्टाचार व पेपर लीक की भेंट चढ़ रही हैं।
मधु बंसल ने बताया कि कांग्रेस सरकार के समय भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.5% औसत रही थी और 2010-11 में यह 8.5% तक पहुँची थी। कृषि निर्यात भी 7 अरब डॉलर से बढ़कर 43 अरब डॉलर तक गया। उस समय भारत के अंतरराष्ट्रीय रिश्ते मज़बूत और संतुलित थे।
उन्होंने मांग की कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराए, MSP को कानूनी गारंटी दे, छोटे व्यापारियों को राहत पैकेज दे और वैश्विक बाजारों से नए व्यापार समझौते करे। साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे तकनीकी बदलावों के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करना होगा। यही वास्तविक "आत्मनिर्भर भारत" होगा।