जीरन। पुलिस थाना जीरन की टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए नयाखेड़ा निवासी एक किसान को बाढ़ के पानी से सकुशल बाहर निकालकर उसके परिजनों को सौंपा। नीमच पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी नीमच किरण चौहान के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जीरन उमेश यादव के नेतृत्व में बचाव कार्य किया गया।
घटना विवरण-
सोमवार सुबह सूचना मिली कि नयाखेड़ा निवासी सुंदरलाल पिता दशस्थ पाटीदार खेत पर चारा लेने गए थे, तभी रेतम नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण वे उस पार फंस गए। दरअसल, लगातार बारिश से गार्डगिल सागर बांध का जलस्तर बढ़ने पर गेट खोलने पड़े, जिससे नदी में पानी का बहाव तेज हो गया और आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमेश यादव ने तत्काल पुलिस टीम भेजी। टीम ने ग्रामीणों की मदद से रस्से के सहारे सुंदरलाल को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस जवानों ने उनकी कमर में रस्सा बांधकर धीरे-धीरे खींचते हुए उन्हें सकुशल बाहर निकाला और परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान-
इस बचाव कार्य में उनि गजेन्द्रसिंह चौहान, सउनि लक्ष्मणसिंह चौहान, सउनि कप्तानसिंह तोमर, प्र.आर. सौरभसिंह सेंगर, आर. दीपक परमार, हल्का पटवारी नवीन तिवारी तथा ग्रामीणों की अहम भूमिका रही। सुंदरलाल पाटीदार और उनके परिजनों ने पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया