भोपाल। स्ट्रॉन्ग सिस्टम के सक्रिय होने से मध्यप्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को मौसम विभाग ने उज्जैन सहित 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

नर्मदापुरम जिले के इटारसी में रुक-रुककर तेज और रिमझिम बारिश हो रही है। जलस्तर बढ़ने पर तवा डैम के तीन गेट दो-दो फीट की ऊंचाई तक खोले गए। यह इस सीजन में दूसरी बार है, जब बांध के गेट खोले गए हैं। एसडीओ एनके सूर्यवंशी के अनुसार डैम से 10,500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है और जलस्तर 1164.50 मीटर पर बना हुआ है।

इससे पहले सोमवार देर शाम टीकमगढ़ जिले में 20 लोग धसान नदी के बरा घाट पर फंस गए थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी कुडीला थाना क्षेत्र के निवासी थे, जो नदी में रेत का अवैध खनन करने गए थे। जलस्तर बढ़ने से वे बीच में फंस गए थे।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जिन जिलों में ढाई से साढ़े चार इंच तक बारिश की संभावना जताई है, उनमें उज्जैन, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, धार, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर शामिल हैं। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। जबकि मालवा के नीमच व मंदसौर में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
