मंदसौर। 40वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत जिला चिकित्सालय द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों से नेत्रदान जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के महत्व से अवगत कराना था।
सीएमएचओ डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि देश में करीब 11 लाख लोगों को नेत्र प्रत्यारोपण की आवश्यकता है, जबकि हर वर्ष केवल 25 से 30 हजार नेत्रदान ही हो पाते हैं। उन्होंने अपील की कि “जीते जी रक्तदान, मरणोपरांत नेत्रदान” हर परिवार की परंपरा बनना चाहिए।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति वास्केल ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज या मान्यता प्राप्त संस्थानों में नेत्रदान की प्रतिज्ञा कर सकते हैं। मृत्यु के 4 से 6 घंटे के भीतर नेत्र बैंक को सूचित कर 15 से 20 मिनट में प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
रैली में आशा कार्यकर्ता निधि पारीख ने स्वयं नेत्रदान की प्रतिज्ञा ली और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प व्यक्त किया।