मनासा। हतुनिया ग्राम पंचायत में सोयाबीन की फसल पर पीला मोज़क रोग ने कहर बरपाया है। कृषि वैज्ञानिक अधिकारी श्याम सिंह, ग्राम सेवक सूरज सिंह सोलंकी एवं अन्य कृषि विभाग नीमच के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे किया।
सर्वे के दौरान पाया गया कि हतुनिया क्षेत्र में सोयाबीन की फसल लगभग पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है। किसानों ने बताया कि बीमारी के कारण फसल की बढ़वार रुक गई और पौधे पीले पड़कर सूखने लगे।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे आगामी रबी सीजन के लिए वैकल्पिक फसलों की तैयारी करें तथा बीज चयन के समय रोग प्रतिरोधक किस्मों का उपयोग करें। विभाग द्वारा किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
फसल की बर्बादी से हतुनिया के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है और अब वे सरकार से सहायता की उम्मीद लगाए बैठे हैं।