नीमच। लगातार बारिश और पीला मोज़ेक रोग से नीमच ज़िले में सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई है। इससे परेशान किसानों ने गुरूवार को बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर प्रशासन को अपनी व्यथा सुनाई।
जनपद सदस्य कांता हरीश अहीर के नेतृत्व में धनेरिया कला सहित आसपास के किसानों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का त्वरित सर्वे कराया जाए, फसल नुकसान का सही आकलन हो और शीघ्र मुआवजा एवं फसल बीमा राशि उपलब्ध कराई जाए।
किसानों का कहना है कि पूरी आजीविका कृषि पर आधारित होने से परिवार के भरण-पोषण पर संकट गहराया है। ज्ञापन के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सर्वे कार्यवाही जल्द शुरू की जाएगी।