नीमच। जन-सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए मध्यप्रदेश में डायल-100 की विरासत को आगे बढ़ाते हुए डायल-112 को एकीकृत, स्मार्ट और बहु-एजेंसी आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा के रूप में शुरू किया गया है। अब पुलिस (100), स्वास्थ्य/एम्बुलेंस (108), अग्निशमन (101), महिला हेल्पलाइन (1090), साइबर क्राइम (1930), रेल मदद (139), हाईवे एक्सिडेंट रिस्पॉन्स (1099) और प्राकृतिक आपदा (1079) जैसी सभी सेवाएं एक ही नंबर 112 पर उपलब्ध होंगी।
तेजी से बदलती तकनीकी आवश्यकताओं को देखते हुए डायल-112 को अधिक कुशल, बुद्धिमान और नागरिक-जागरूक प्रणाली के रूप में पुनः डिज़ाइन किया गया है।
मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल से नीमच जिले को 12 नए एफआरवी वाहन (डायल-112) प्राप्त हुए हैं, जिन्हें 4 सितम्बर से जिले के सभी थानों में तैनात कर दिया गया है। ये वाहन आज रात्रि से डायल-112 पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर तत्काल जनता को पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना प्रारंभ कर देंगे।