मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में जिलेभर में नेत्रदान पखवाड़ा (25 अगस्त से 8 सितंबर 2025) संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में सैनिक स्कूल मंदसौर में नेत्रदान पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला चिकित्सालय की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति वास्केल ने छात्रों को नेत्रदान के महत्व एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेत्रदान की संपूर्ण प्रक्रिया मात्र 15 से 20 मिनट में पूर्ण हो जाती है तथा सूचना मिलने के 25 से 30 मिनट के भीतर नेत्र बैंक की टीम मौके पर पहुंच जाती है। डॉ. वास्केल ने छात्रों के अनेक सवालों के जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि नेत्रदान के लिए परिवार की सहमति आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति, चाहे उसकी उम्र कुछ भी हो या वह चश्मा पहनता हो, नेत्रदान कर सकता है। मंदसौर में नेत्रदान हेतु मोबाइल नंबर 9926568429 जारी किया गया है, जिस पर सूचना देकर नेत्र बैंक की टीम को बुलाया जा सकता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करना एवं समाज में व्यापक जागरूकता बढ़ाना है, ताकि नेत्रदान से किसी की अंधेरी दुनिया को रोशन किया जा सके।