आलोट। आलोट विधानसभा क्षेत्र में किसानों की फसलों को हुए नुकसान और फसल बीमा से जुड़ी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को आलोट रेस्ट हाउस में विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम, तहसीलदार, बैंक अधिकारी, कृषि अधिकारी, बीमा कंपनी प्रतिनिधि और किसान संघ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद जनपद पंचायत आलोट में अल्पकालीन शिविर भी लगाया गया, जिसमें किसानों ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएँ रखीं। किसानों ने बीमा क्लेम, सर्वे की पारदर्शिता और समय पर उचित मुआवज़े की मांग की। इसके पश्चात विधायक डॉ. मालवीय अधिकारियों के साथ ग्राम निपानिया लीला पहुँचे और सोयाबीन फसलों का सर्वे भी किया।
मुख्य मुद्दे और निर्णय-
पीला मोजेक बीमारी और जलभराव – सोयाबीन में पीला मोजेक बीमारी बीमा क्लेम में शामिल नहीं है, लेकिन आलोट क्षेत्र में लंबे समय से पानी की कमी और हालिया जलभराव के कारण फसल पीली हुई है। इसे जलभराव से हुए नुकसान के रूप में सर्वे किया जाएगा।
RBC-64 के तहत सर्वे – अधिक वर्षा से हुए नुकसान को ध्यान में रखते हुए सोयाबीन फसल का सर्वे आरबीसी-64 के तहत किया जाएगा।
सर्वेयर की कमी – आलोट और ताल तहसील में वर्तमान में केवल एक-एक सर्वेयर कार्यरत हैं। बीमा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त सर्वेयर नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।
नकली खाद-कीटनाशक पर कार्रवाई – नकली खाद व कीटनाशक की बिक्री रोकने के लिए कृषि अधिकारी को छापामार कार्रवाई कर दोषियों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
जागरूकता अभियान – किसानों को फसल बीमा योजना और Crop Insurance App की जानकारी देने के लिए ग्रामीण स्तर पर प्रदर्शनी और सम्मेलन आयोजित किए जाएँगे।
बीमा पॉलिसी नंबर की सुविधा – किसानों को उनकी बीमा पॉलिसी की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराने के लिए बैंक अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
किसानों से अपील-
यदि आपकी फसल को नुकसान हुआ है तो टोल-फ्री नंबर 14447 पर कॉल करें अथवा Crop Insurance App पर अपनी शिकायत दर्ज करें।