मंदसौर। जिले में मिलाद-उन-नबी पर्व का जुलूस प्रशासन एवं पुलिस की सतर्कता, तत्परता और सक्रिय सहयोग से ऐतिहासिक रूप से शांति और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। पर्व में शामिल होने के लिए मंदसौर सहित अन्य जिलों से आए 31 डीजे को पुलिस एवं प्रशासन की सख्त निगरानी में नाकों पर ही रोक दिया गया। इस हेतु 6 विशेष टीमें गठित की गईं, साथ ही 4 मोटरसाइकिल पार्टियां लगाकर सघन निगरानी रखी गई। प्रशासन के स्पष्ट निर्देश और पुलिस की कड़ी कार्यवाही के कारण जुलूस में एक भी डीजे शामिल नहीं हो पाया। 2-3 डीजे जो जुलूस में प्रवेश का प्रयास कर रहे थे, उन्हें भी समझाइश दी गई तथा नियमों का पालन न करने वालों के विरुद्ध संबंधित थानों में कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
शांति समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए जुलूस समय पर प्रारंभ हुआ और अपेक्षित समय से दो घंटे पूर्व ही समाप्त हो गया। संपूर्ण जिले में प्रशासन और पुलिस की अद्वितीय सजगता के कारण पर्व पूर्णतः शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर लोगों ने प्रशासन की व्यवस्था की सराहना करते हुए आपसी भाईचारे और सद्भाव का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। हर वर्ग के नागरिकों ने सहयोग करते हुए पर्व को हर्षाेल्लास से मनाया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त प्रतिबद्धता तथा समाज के सहयोग से यह पर्व शांति और आपसी सद्भाव का संदेश पूरे जिले में प्रसारित कर गया।