नीमच। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में किए गए जीएसटी सुधार ऐतिहासिक हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के इन निर्णयों से व्यापार, उद्योग और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नीमच जिला मुख्य रूप से कृषि और व्यापार पर आधारित है। सोयाबीन, गेहूँ, मसाले, फल-सब्ज़ियाँ और दालों जैसी फसलों के उत्पादकों को बेहतर दाम मिलेंगे। मंडियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और व्यापारियों को कर प्रणाली में राहत मिलेगी। आम नागरिकों को रोजमर्रा की वस्तुएँ सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी।
परिहार ने बताया कि नीमच का व्यापार मुख्यतः कृषि उत्पाद, सीमेंट, पत्थर, टेक्सटाइल और निर्माण सामग्री पर आधारित है। सुधारों से इन क्षेत्रों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी, लागत घटेगी और स्थानीय स्तर पर नए निवेश व रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम उद्योगों को विशेष सहूलियत मिलेगी, जिससे औद्योगिक क्षेत्र और छोटे कारोबारियों को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। साबुन, टूथपेस्ट, दवाइयाँ और घरेलू उपयोग की वस्तुएँ सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का मंत्र इन सुधारों में स्पष्ट झलकता है। यह केवल टैक्स सुधार नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की मज़बूत नींव है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुधारों से नीमच सहित पूरे प्रदेश में विकास की गति तेज होगी और हर वर्ग लाभान्वित होगा।