नीमच। मध्यप्रदेश तैराकी संघ की बैठक शुक्रवार को इटारसी में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर के जिलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सर्वसम्मति से पियूष शर्मा को संघ का प्रदेशाध्यक्ष और जय वर्मा को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। साथ ही उन्हें कार्यकारिणी गठन के अधिकार दिए गए।
बैठक में नीमच का प्रतिनिधित्व जिला तैराकी संघ अध्यक्ष अशोक मोदी ने किया। पहली बार नीमच को संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी में जगह मिली है और अशोक मोदी को जोनल सचिव बनाया गया। बैठक में मोदी ने सुझाव दिया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के प्रमाणपत्रों पर खिलाड़ियों के फोटो भी प्रकाशित किए जाएं और प्रतियोगिताएं टच पेड प्रणाली से करवाई जाएं।
बैठक में अन्य जिलों के प्रतिनिधियों ने भी उत्कृष्ट तैराकों को तैयार करने और प्रतियोगिताओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने पर विचार व्यक्त किए। उल्लेखनीय है कि नीमच जिला तैराकी संघ अब तक दो स्टेट चौम्पियनशिप आयोजित कर चुका है, जिसके आधार पर संघ को यह दायित्व सौंपा गया।
अशोक मोदी की नियुक्ति पर जिला तैराकी संघ उपाध्यक्ष प्रकाश मंडवारिया, तरुण ओझा, कानूनी सलाहकार मुकेश चतुर्वेदी, अनिल सुराणा, विष्णु मोदी, रामगोपाल मोदी, भगवती प्रसाद मालवीय, दिनेश पोरवाल, मोहनसिंह, राकेश बंसल, शरद पाटीदार, गोतम पाटोदी, राजेश वर्मा (मनासा), ओम रावत, भरत जाट (मोरवन) सहित अनेक पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया और मप्र तैराकी संघ का आभार जताया।