पिपलियामंडी। अनंत चतुर्दशी का पर्व नगर में बड़े हर्षाेल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। गली-मोहल्लों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना के बाद भव्य चल समारोह निकाला गया। ढोल-ढमाकों, डीजे की धुन और भक्तिमय नारों के बीच श्रद्धालु विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।
मूर्ति विसर्जन के दौरान अनेक श्रद्धालु भावुक हो उठे। खासकर बच्चों की आंखें नम हो गईं जब उन्होंने अपने प्रिय बप्पा को विदा किया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई। मल्हारगढ़ तहसीलदार बृजेश मालवीय ने स्वयं विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पूरा नगर गणेश भक्ति में डूबा दिखाई दिया।