चित्तौड़गढ़। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने शनिवार को पंचायत समिति सभागार में विधानसभा क्षेत्र के समस्त विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर बारिश के मौसम में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित फील्ड में दौरा कर समस्याओं का त्वरित समाधान करें। विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें और ट्रांसफार्मरों का अतिरिक्त स्टॉक रखें ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत बदले जा सकें। वहीं, सार्वजनिक निर्माण विभाग को अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलियाओं की शीघ्र मरम्मत कराने को कहा।
विधायक आक्या ने पंचायतों में चल रहे कार्यों को दो माह में पूर्ण कर उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में अवैध कब्जे रोकने और नियमानुसार पट्टे जारी करने पर जोर दिया। शिक्षा व महिला एवं बाल विकास विभाग को जर्जर विद्यालयों व आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को न बैठाने और उनकी सूची शीघ्र उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने डीएमएफटी फंड से विद्यालयों में नए कक्षा-कक्ष निर्माण के प्रस्ताव शीघ्र भेजने के लिए भी कहा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल आपूर्ति नियमित करने और खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग से उपकेंद्रों, प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के रिक्त पदों और क्षतिग्रस्त भवनों की जानकारी लेकर सूची उच्चाधिकारियों को भेजने को कहा। पशुपालन विभाग को दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश मिले।
कृषि विभाग को विधायक आक्या ने कहा कि अच्छी वर्षा को देखते हुए इस बार गेहूं की बुवाई अधिक मात्रा में होगी, इसलिए खाद की पर्याप्त आपूर्ति पहले से सुनिश्चित की जाए और अतिरिक्त स्टॉक भी रखा जाए। उन्होंने अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों का राजस्व विभाग से सर्वे कराकर किसानों को राहत दिलाने की बात कही।
आगामी गांव चलो व शहर चलो अभियान को लेकर भी उन्होंने दिशा-निर्देश दिए और कहा कि शिविरों से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
बैठक में पूर्व नगर परिषद सभापति सुशील शर्मा, उपखंड अधिकारी बीनू देवल, ऋषि सुधांशु पांडे, तहसीलदार विपिन चौधरी, मुकेश गुर्जर, नायब तहसीलदार गजराज मीणा, बीडीओ समुंद्र सिंह, एसीबीईओ शंभूलाल सोमानी, सत्यनारायण गर्ग, बीसीएमओ डॉ. जितेंद्रसिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।