मनासा। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम देंथल में सोमवार सुबह करीब 8 बजे गैस लीकेज से लगी भीषण आग ने एक मकान को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। घटना रमेश पिता सुंदरलाल नागदा के घर की है।

जानकारी के अनुसार घर में खड़ी कार से गैस रिसाव होने पर अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को घेर लिया। घटना में एक कार, दो मोटरसाइकिल, 5 लाख रुपये नगद और मकान में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घर में मौजूद लोगों ने बाहर निकलकर किसी तरह जान बचाई।

सूचना पर एक फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भीषणता को देखते हुए दूसरी गाड़ी भी बुलानी पड़ी। दो दमकलों ने ढाई घंटे से अधिक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आगजनी से पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया।

मकान मालिक के अनुसार, घर में रखे 10 क्विंटल से अधिक खरबूजे के बीज, सोयाबीन की उपज और गेहूं भी जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की संभावना है। सौभाग्य से हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
