नीमच। मध्यप्रदेश थैलेसीमिया जन जागृति समिति, थैलेसीमिया एंड सिकल सेल वेलफेयर सोसायटी नीमच और अन्नपूर्णा सेवा न्यास, नीमच के संयुक्त तत्वावधान में 13-14 सितंबर को टाउन हॉल, दशहरा मैदान, नीमच में थैलेसीमिया रोग प्रबंधन पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा।
अन्नपूर्णा सेवा न्यास के संयोजक राकेश पप्पू जैन ने बताया कि सम्मेलन में देशभर से आए 175 थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे, उनके अभिभावक और 100 से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे। नीमच जिले में ही इस बीमारी से 60-70 बच्चे पीड़ित हैं। सम्मेलन में बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और HLA (बोन मेरो) टेस्टिंग की जाएगी। साथ ही बोन मेरो डोनर पंजीयन भी होगा।
थैलेसीमिया सोसायटी के अध्यक्ष सत्येन्द्रसिंह राठौड़ ने कहा कि बेहतर प्रबंधन और सही उपचार से थैलेसीमिया के साथ भी जीवन को सुखद बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से सम्मेलन में देशभर के प्रसिद्ध विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल होंगे, जिनमें प्रमुख हैं –
डॉ. दिनेश पेंढारकर (फरीदाबाद), डॉ. दिनेश भुरानी (नई दिल्ली), डॉ. रूबी खान (भोपाल), डॉ. सुनील भट्ट (बेंगलुरु), डॉ. सुनीत लोकवानी (इंदौर), डॉ. प्रीति मालपानी (इंदौर), डॉ. महेंद्र पाटिल, डॉ. कृष्णकुमार कारपेंटर, डॉ. सुदर्शन गुप्ता, डॉ. अपूर्व चौहान, डॉ. वैभव शाह, डॉ. ज्वेल बेंकर (अहमदाबाद), डॉ. अर्पित मित्तल (उदयपुर) सहित अन्य विशेषज्ञ।
आयोजन सचिव ओमप्रकाश चौधरी और डॉ. सुदर्शन गुप्ता ने बताया कि 13 सितंबर की रात रोगियों व अभिभावकों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। साथ ही समाजसेवा में सक्रिय संस्थाओं व थैलेसीमिया कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।
अंत में राकेश पप्पू जैन और सत्येन्द्रसिंह राठौड़ ने नीमचवासियों से इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की।