चित्तौड़गढ़। जिले में मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए डॉ. पुनीत कुमार तिवारी, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) ने भोपाल सागर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख स्वास्थ्य इकाइयों सीएचसी अकोला और पीएचसी जाशमा का स्वास्थ्य केंद्र उप स्वास्थ्य केंद्र कानाखेड़ा क्षेत्र के देवडो का खेड़ा का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ कन्हैया लाल मीणा एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. राहुल मल्होत्रा के साथ विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायज़ा लिया, जिनमें ओपीडी, टीकाकरण केंद्र, लेबर रूम, डीडीसी (ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर) और लैब शामिल रहे। उन्होंने स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि रोगियों के लिए उपलब्ध दवाइयाँ पूरी तरह व्यवस्थित और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत समय पर क्लेम बुक करने पर विशेष जोर दिया।
डॉ. मीना ने अस्पताल परिसरों की सफाई व्यवस्था में और सुधार लाने के लिए चिकित्सा कार्मिकों को प्रेरित किया और कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही संक्रमणजनित बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता से वैक्सीनेशन साईट के बारे में जानकारी ली और क्षेत्र में पूर्ण टीकाकरण कराने पर ज़ोर दिया । मौसमी बीमारियों जैसे डेंगू, मलेरिया, स्क्रब टाइफस आदि की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता अभियान को और तेज किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक क्षेत्र में दैनिक सर्वे किया जाए तथा समय पर एंटी-लार्वा गतिविधियाँ, एंटी-एडल्ट स्प्रे और सोर्स रिडक्शन गतिविधियाँ गुणवत्ता के साथ की जाएं। इन गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग कर जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाना जरूरी है।
अंत में, उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों और नर्सिंग स्टाफ से कहा कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि क्षेत्र में मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।