नीमच। कलेक्टर कार्यालय पर आज एक अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब ग्राम जोरावरपुरा माजरा (ग्राम पंचायत सेमली मेवाड़) के ग्रामीण नाचते-गाते और ष्गणपति बप्पा मोरियाष् के जयकारे लगाते हुए अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।
ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर मांग की कि उनके गांव को जल्द से जल्द राजस्व ग्राम घोषित किया जाए और मुक्तिधाम सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि गांव में लगभग 1100 से 1500 लोग निवास करते हैं, जिनमें अधिकांश बंजारा समाज से हैं। यहां अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम नहीं है और स्थायी पेयजल व्यवस्था का भी अभाव है।
ग्रामीणों ने पंचायत पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक निधि से स्वीकृत राशि का उपयोग नहीं किया जा रहा। नाली, सीसी रोड और स्कूल भवन की बाउंड्री जैसी मूलभूत सुविधाएं भी अधूरी पड़ी हैं। साथ ही रोड पर अतिक्रमण हटाने की मांग भी की गई।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की और उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान कर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगा।