नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिला स्तरीय जन सुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित थाना प्रभारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की 20 शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण किया गया, जिनमें लेवल-1 की 14, लेवल-2 की 4 और लेवल-3 की 2 शिकायतें शामिल थीं।
जन सुनवाई के दौरान लगभग 50 आवेदकों ने अपनी समस्याएँ प्रस्तुत कीं। भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। एसपी जायसवाल ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का समयबद्ध और निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित करें।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी नीमच किरण चौहान, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, डीएसपी (महिला सुरक्षा शाखा) निकीता सिंह सहित जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी और आवेदक मौजूद रहे।