नीमच। जिले की जावद तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम बडोली, थडोली, बोरखेड़ी और झालरी के ग्रामीण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़क के निर्माण में हो रही देरी से बेहद चिंतित हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में कलेक्टर को एक पत्र सौंपकर शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामवासियों ने पत्र में बताया है कि बडोली से थडोली तक की सड़क का सर्वे फरवरी-मार्च 2025 में 100 प्रतिशत सहमति के साथ पूरा हो चुका है। इस मार्ग के लिए 100 प्रतिशत सरकारी जमीन उपलब्ध है। इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ व्यक्तिगत स्वार्थों के चलते इस सर्वेक्षित मार्ग को बदलकर किसी वैकल्पिक मार्ग से ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, जो पहले भी असफल और विवादित रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क लगभग 3000 लोगों की जीवनरेखा है। इसके बनने से किसानों को मंडी तक उपज पहुंचाने, स्कूली छात्रों को सुरक्षित मार्ग मिलने और आपातकालीन स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि स्वीकृत योजना के अनुसार केवल सर्वेक्षित मार्ग पर ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए और किसी भी प्रकार के वैकल्पिक मार्ग के प्रयास को रोका जाए।