मंदसौर। सुशासन भवन स्थित सभाकक्ष में आज जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 69 प्रकरणों की सुनवाई अधिकारियों द्वारा की गई। जनसुनवाई में आए कुछ प्रमुख प्रकरणों में गरनाई निवासी किशनलाल द्वारा निजी मकान पर कब्जा एवं सरकारी भूमि तथा कुएँ पर अतिक्रमण की शिकायत की गई, जिस पर तहसीलदार मल्हारगढ़ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पिपलियामंडी निवासी चोथमल ने धोखाधड़ी कर ऋण पास करने की शिकायत प्रस्तुत की, जिस पर एलडीएम मंदसौर को जांच कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। इसी प्रकार पिपल्या मुजावर निवासी लोकेन्द्रसिंह ने शासकीय भूमि से कृषि लाभ लेने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर तहसीलदार दलौदा को जांच कर निराकरण के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में भूमि की नकल प्रदाय, विकलांगता प्रमाण पत्र वितरण, फसल बीमा राशि स्वीकृत करने, अर्जित अवकाश की राशि भुगतान, विद्युत कनेक्शन विच्छेद, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण एवं तालाब पर मत्स्य समिति से संबंधित आवेदन सहित विभिन्न प्रकार के प्रकरण प्राप्त हुए।