अल्हेड़। ग्राम पंचायत अल्हेड़ ने आंगनवाड़ी केंद्र और उपस्वास्थ्य केंद्र के पास एक सुंदर गार्डन विकसित किया है। गार्डन में फव्वारा, भोलेनाथ की प्रतिमा, रंगीन रोशनी और बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले व चकरी लगाए गए हैं।
गर्मी के दिनों में यह गार्डन ग्रामवासियों और बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। स्वच्छता मद से बने इस गार्डन को विधायक अनिरुद्ध (माधव) मारू के मार्गदर्शन और ग्रामवासियों के सहयोग से तैयार किया गया है। बगीचे में पौधे रोपे गए हैं तथा सौंदर्यीकरण के लिए भोलेनाथ की प्रतिमा स्थापित की गई है। शाम होते ही फव्वारे की रंग-बिरंगी रोशनी गार्डन की खूबसूरती बढ़ा देती है।
ग्राम पंचायत सरपंच आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि गार्डन का उद्देश्य न केवल मनोरंजन है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया गया है। गार्डन में बाउंड्रीवॉल, स्वागत द्वार, बैठने की व्यवस्था, पौधारोपण और रोशनी की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
ग्राम पंचायत को इस कार्य में सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खंडेलवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग मिला। ग्रामवासियों और युवाओं ने भी श्रमदान व सहयोग से इस गार्डन को संवारने में अहम योगदान दिया।
अल्हेड़ पंचायत जिले की पहली पंचायत बन गई है, जिसने गार्डन में झूले, चकरी और फव्वारे की सुविधा उपलब्ध कराई है। पंचायत को पूर्व में जिले में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रथम पुरस्कार भी मिल चुका है।