मनासा। हनुमान चालीसा के प्रत्येक शब्द में जीवन उद्धार का मंत्र छिपा है। इसका नियमित पाठ अलौकिक शक्ति का अनुभव कराता है। यह बात महामंडलेश्वर आचार्य श्री 1008 सुरेशानंद महाराज (निपानिया गुरुजी) ने गांधी चौक पर सनातन सत्संग मंडल द्वारा आयोजित 51वें सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में कही।
उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल थमाने के बजाय सनातन धर्म के संस्कार देने चाहिए। परिवार में प्रतिदिन हनुमान चालीसा पाठ होना आवश्यक है। चालीसा का प्रत्येक शब्द नकारात्मक सोच को दूर कर सकारात्मक विचार और उत्तम बुद्धि प्रदान करता है।
महामंडलेश्वर ने कहा कि जीवन में ईर्ष्या नहीं रखनी चाहिए और जो मिला है, उसे सर्वश्रेष्ठ मानकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने माता की आराधना में गरबा आयोजन को भी भारतीय संस्कृति के अनुरूप पारंपरिक परिधान में करने की सलाह दी। आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि रामस्नेही संप्रदाय के युवा संत चेतनराम द्वारा प्रारंभ किए गए इस सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ को निरंतर जारी रखना सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम में विधायक माधव मारू, श्याम समदानी, अजय तिवारी सहित मंडल के सदस्यों ने गुरुजी का स्वागत किया। भजन गायक विजय उपाध्याय, कमल विजयवर्गीय, ओम सोनी, सत्यनारायण सोनी और अन्य कलाकारों ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विधायक माधव मारू ने भी बालाजी महाराज को समर्पित भजन प्रस्तुत किया।
हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में हुए इस विशाल आयोजन में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। अगला, 52वां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ 16 सितंबर, मंगलवार को बस स्टैंड स्थित मोती बाउजी मंदिर पर होगा।