शाजापुर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित मुस्कान अभियान के तहत थाना लालघाटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 8 सितंबर 2025 को एक फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी बिना बताए घर से लापता हो गई है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए थाना लालघाटी पुलिस ने अपराध क्रमांक 184/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शाजापुर गोपाल सिंह चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह मुजाल्दे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गुमशुदा बालिका की त्वरित तलाश हेतु टीम ने स्थानीय स्तर पर सघन प्रयासों के साथ-साथ सोशल मीडिया, आसपास के थानों एवं जिलों में सूचना प्रसारित कर संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई।
विश्वसनीय सूचना एवं सायबर सेल की मदद से पुलिस टीम ने इंदौर, उज्जैन और ब्यावरा (जिला राजगढ़) में तलाश अभियान चलाया। सतर्कता और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 10 सितंबर 2025 को नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
इस उल्लेखनीय कार्य में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह मुजाल्दे, सहायक उपनिरीक्षक भेरूसिंह वासकेल, प्रधान आरक्षक जसवंत जाटव, प्रधान आरक्षक जितेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक चंद्रपाल जाट, महिला आरक्षक नेहा रेकवार एवं सायबर सेल टीम की सराहनीय भूमिका रही।