झाबुआ। जिले के पेटलावद नगर में आगामी 12 सितम्बर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। सोमवार को कलेक्टर नेहा मीना ने कार्यक्रम से जुड़ी संपूर्ण व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सबसे पहले मुख्यमंत्री के आगमन हेतु बनाए जा रहे हेलीपैड स्थल का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं स्वागत व्यवस्था को गरिमामय और व्यवस्थित रूप से समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन बिना किसी बाधा और विलंब के संपन्न होना चाहिए।
इसके बाद कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। प्रदर्शनी स्थल पर उन्होंने विभागीय योजनाओं की झलक को आकर्षक एवं जनहितकारी स्वरूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मंच व्यवस्था, ध्वनि-प्रसारण प्रणाली, प्रकाश व्यवस्था एवं सजावट की प्रगति की समीक्षा कर सभी कार्य समयसीमा में पूरा करने को कहा।
जनसुविधाओं पर विशेष जोर
कलेक्टर ने आमजन की सुविधा को सर्वाेपरि बताते हुए अस्थायी चिकित्सालय, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पर्याप्त पेयजल एवं शौचालय जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह मुस्तैद रहें।
यातायात एवं सुरक्षा की समीक्षा
यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस अधिकारियों को पार्किंग, मार्ग व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की विस्तृत रूपरेखा समय से तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और हितग्राही शामिल होंगे, ऐसे में किसी को असुविधा न हो। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री का यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम जिले के लिए गौरव का अवसर है। अतः सभी तैयारियां गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाएं, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद तनुश्री मीणा, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार सहित राजस्व, पुलिस एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।