नीमच। म.प्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीन कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को पिछले 11 महीनों से वेतन, एरियर, बोनस, ईपीएफ और ईएसआईसी का भुगतान न होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कर्मचारियों को पिछले दो महीनों से वेतन भी नहीं मिला है।
मंगलवार को कर्मचारियों ने कंपनी के कार्यपालन यंत्री को ज्ञापन सौंपा और श्रमायुक्त कार्यालय, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी परिपत्र क्र. 1/11/अन्वे/पांच/2024/8272-522 दिनांक 06.03.2025 का हवाला देते हुए बकाया राशि का तुरंत भुगतान करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि आउटसोर्स प्रदाय एजेंसी मेसर्स ऑल सर्विसेस ग्लोबल प्रा. लि., मुंबई ने पिछले तीन वर्षों से श्रम नियमों का उल्लंघन करते हुए वेतन विलंब से भुगतान किया। श्रमायुक्त कार्यालय ने अप्रैल 2024 से फरवरी 2025 तक के 11 माह के वेतन, बोनस, ईपीएफ और ईएसआईसी की अंतर राशि का भुगतान सात दिन में करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए थे, लेकिन चार माह बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ।
कर्मचारियों ने कहा कि वेतन और एरियर में इस लगातार विलंब के कारण उनका जीवन कठिन हो गया है और संबंधित एजेंसी से तुरंत भुगतान की मांग की गई है।