नीमच। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने ग्राम पंचायत आमली भाट के पंचायत सचिव देवीलाल वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विधायक निधि से वर्ष 2023 में स्वीकृत एक लाख रुपये के पुलिया निर्माण कार्य के तहत रैलिंग न लगाने और संबंधित फर्म को 62,001 रुपये का भुगतान करने संबंधी शिकायत पर हुई। निलंबन काल के दौरान पंचायत सचिव वर्मा को जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा और उनका मुख्यालय जनपद कार्यालय जावद रहेगा।
जानकारी के अनुसार, आवेदक हरिश कुमार ने कलेक्टर और एसडीएम जावद को शिकायत की थी कि ग्राम ढाबा स्थित पुलिया पर बारिश के समय पानी का स्तर बढ़ जाता है और आवागमन बाधित होता है। जावद विधायक द्वारा वर्ष 2023 में पुलिया पर रैलिंग लगाने के लिए एक लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे।
जाँच में पाया गया कि मौके पर रैलिंग का कार्य नहीं हुआ था। सरपंच और पंचायत सचिव द्वारा संयुक्त हस्ताक्षर से रैलिंग कार्य के लिए 62,001 रुपये की राशि एक फर्म को भुगतान की गई थी। इसके बाद सचिव ने 26 जून 2025 को रैलिंग कार्य पूर्ण कराया, जिसे सरकारी कार्य में गंभीर लापरवाही माना गया। जिला पंचायत सीईओ ने इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए सचिव के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है।