मंदसौर। जिले के सीतामऊ स्थित साईं विहार कॉलोनी में आवारा कुत्ते के हमले से डेढ़ साल की मासूम बच्ची घायल हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप दुबे की बेटी दिव्यांशी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया और पीठ को दबोच लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर माता-पिता दौड़कर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से उसे कुत्ते के मुंह से छुड़ाया। कुत्ते ने बाद में माता-पिता पर भी हमला करने की कोशिश की।
घटना में दिव्यांशी की पीठ पर गहरे काटने के निशान आए हैं। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। फिलहाल बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
स्थानीय निवासी हितेश भाऊ ने बताया कि दो दिन पहले ही नगर परिषद को आवारा कुत्तों की समस्या के बारे में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस संबंध में सीतामऊ नगर परिषद के सीएमओ जीवन राय माथुर ने कहा कि घटना की जानकारी मिल चुकी है। अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी और आवारा कुत्तों के नियंत्रण व लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।